Saturday, July 11, 2026

BSP के AGM के नाम पर फर्जी HDFC क्रेडिट कार्ड, 91,545 रुपये की साइबर ठगी

बिना आवेदन जारी हुआ क्रेडिट कार्ड, मोबाइल नंबर बदलकर निकाली रकम, भिलाई नगर थाने में केस दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) के एक सहायक महाप्रबंधक (एजीएम) के नाम पर कथित रूप से फर्जी एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड जारी कर 91,545 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 (4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

कस्टमर केयर के फोन से हुआ ठगी का खुलासा

सेक्टर-10 भिलाई निवासी अजय कुमार चौरासिया (58) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बीएसपी में सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। 19 जून 2026 को उन्हें एचडीएफसी बैंक के कस्टमर केयर से फोन आया, जिसमें उनके नाम पर जारी एक अन्य क्रेडिट कार्ड से हुए संदिग्ध लेनदेन की जानकारी दी गई।

बिना आवेदन जारी हुआ दूसरा कार्ड

शिकायत के अनुसार, उन्होंने इस क्रेडिट कार्ड के लिए कभी आवेदन नहीं किया और न ही उन्हें कार्ड प्राप्त हुआ। कस्टमर केयर से पता चला कि 13 मई 2026 को उनके नाम पर नया क्रेडिट कार्ड जारी किया गया तथा 15 मई को उससे जुड़ा मोबाइल नंबर बदल दिया गया। इसके लिए उन्हें कोई ओटीपी भी प्राप्त नहीं हुआ।

कई ट्रांजैक्शन में निकाले गए 91,545 रुपये

फर्जी कार्ड के जरिए 17 मई से 28 मई 2026 के बीच अलग-अलग ट्रांजैक्शन कर कुल 91,545 रुपये खर्च किए गए। इसमें 80 हजार रुपये का एक बड़ा ट्रांजैक्शन भी शामिल है।

बैंक पर सहयोग नहीं करने का आरोप

अजय कुमार चौरासिया का आरोप है कि साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने के लिए उन्होंने एचडीएफसी बैंक की चिखली शाखा से क्रेडिट कार्ड नंबर और ट्रांजैक्शन आईडी मांगी, लेकिन बैंक ने जानकारी देने से इनकार कर दिया। उन्होंने बैंक की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका जताई है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

ईमेल के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर आवेदक को थाने बुलाकर हस्ताक्षर कराने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। पुलिस अब साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और लेनदेन की जांच कर रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news