Saturday, July 11, 2026

BSP में हादसा : 50 फीट ऊंचाई से गिरा ओवरब्रिज क्रेन का केबिन

ऑपरेटर गंभीर

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के ब्लास्ट फर्नेस विभाग में 10 जुलाई को सुबह बड़ा हादसा हो गया। ब्लास्ट फर्नेस के रॉ मैटेरियल एरिया में संचालित ओवरब्रिज क्रेन क्रमांक-4 का केबिन अचानक टूटकर करीब 50 फीट नीचे गिर गया। हादसे में क्रेन ऑपरेटर एवं ठेका श्रमिक रविंद्र चौधरी गंभीर रुप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, केबिन नीचे गिरते समय बीच में स्टील बीम से टकराया, जिससे उसकी रफ्तार कुछ कम हो गई और वह सीधे जमीन पर नहीं गिरा। इससे और बड़ा हादसा टल गया, लेकिन केबिन में मौजूद ऑपरेटर को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।

घटना के तुरंत बाद घायल रविंद्र चौधरी को संयंत्र की मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सेक्टर-9 अस्पताल रेफर किया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही बीएसपी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरु कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित ओवरब्रिज क्रेन का महज चार दिन पहले ही सुरक्षा निरीक्षण (सेफ्टी इंस्पेक्शन) किया गया था और उसे संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किया गया था।ऐसे में केबिन के अचानक टूटकर गिरने से सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि हादसा तकनीकी खराबी, रखरखाव में लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

बीएसपी प्रबंधन ने मामले की जांच शुरु कर दी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल घायल कर्मचारी का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news