ताश पर लग रहे थे लाखों के दांव, मोहन नगर पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप, ₹9.04 लाख कैश और मोबाइल जब्त
दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र में संचालित जुए के अड्डे पर छापा मारकर 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹9.04 लाख नकद, 10 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त की हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि मोहन नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रायपुर नाका क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर लाखों रुपये का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और सभी आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹9,04,000 नगद, 10 मोबाइल फोन और ताश पत्ती बरामद की। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 473/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 4 एवं 5 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार :
गिरफ्तार आरोपियों में मयंक गावड़े (भिलाई), प्रह्लाद शर्मा (चिल्फी), राजीव तिवारी (रायपुर), हेमलाल ढीमर (भिलाई), मनीष रात्रे (बेमेतरा), पंकज कुमार काठले, दुर्गेश कुमार बर्मन, हेमनंदन डहरे (कबीरधाम), नागेश्वर साहू (रायपुर), पंकज वर्मा (उतई), संजय चोपड़ा (रायपुर) और अमित सिंह (दुर्ग) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
