भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का प्रयास करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
आरोपी ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर गमछे से उसका गला दबाकर जान लेने की कोशिशकी। बेहोश होने पर परिजनों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां होश में आने के बाद उसने पूरी घटना पुलिस को बताई।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को आमा कुआ चौक, पुरैना निवासी मिथलेश यादव (22 वर्ष) का अपनी पत्नी से घरेलू विवाद हुआ। विवाद के बाद महिला कुछ समय के लिए मायके चली गई थी, लेकिन आरोपी उसे वापस घर ले आया। इसके बाद दोबारा विवाद होने पर उसने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और गमछे से गला घोंटकर हत्या का प्रयास किया।
महिला के बेहोश होकर गिरने पर परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान होश आने पर पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुरानी भिलाई थाना में अपराध क्रमांक 351/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी मिथलेश यादव को 8 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त गमछा भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और घरेलू उत्पीड़न के मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि ऐसे मामलों की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें।
