संतोष राय ने ली अध्यक्ष पद की शपथ
भिलाई : न्यूज़ 36 : रोटरी क्लब ऑफ भिलाई स्टील सिटी का शपथ ग्रहण समारोह भिलाई के निजी होटल में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी परिवार केवरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर 2026-27 रोटेरियन आलम सिंह रूपरा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी जनरल रोटेरियन अजय अग्रवाल एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन शशांक रस्तोगी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रुप में सांसद विजय बघेल तथा क्लब के पूर्व अध्यक्ष अशोक सूरी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन डॉ. संतोष राय ने अध्यक्ष तथा रोटेरियन पी.एस. बाजवा ने सचिव पद की शपथ ली। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाज सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं जनहित के कार्यों की सराहना की गई तथा आगामी वर्ष की सेवा योजनाओं पर भी चर्चा हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. संतोष राय ने कहा कि क्लब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्य पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नई पहल करेगा। समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन ओलाइंका हकीम बाबालोला रोटरी इंटरनेशनल के अध्यक्ष है।
