भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी नीरज सिंह को 1 किलो 790 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा बिक्री की नकदी और एक मोबाइल भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार 50 रुपए आंकी गई है।
खुर्सीपार थाना पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि जीरो पॉइंट, गार्डन सेट के नीचे, केनाल रोड, खुर्सीपार में एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी दुर्गा मंदिर के पास वार्ड-46 निवासी नीरज सिंह (26 वर्ष) ने गांजा बेचना स्वीकार किया। तलाशी लेने पर उसके पास से बिक्री के लिए रखा गया 1 किलो 790 ग्राम गांजा, 550 रुपए नकद और 20 हजार रुपए कीमत का एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। गांजा की अनुमानित कीमत करीब 89 हजार 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
