Saturday, July 4, 2026

नेपाल में अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजा देव कुमार देशमुख का सुर

सुगम गायन में द्वितीय व समूह गायन में प्रथम स्थान

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई रिसाली, छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध लोक एवं आल्हा गायक देव कुमार देशमुख ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित इंटरनेशनल संगीत प्रतियोगिता-2026 में सुगम गायन में द्वितीय स्थान तथा समूह गायन में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि पर कला, साहित्य और सामाजिक जगत में हर्ष का माहौल है।

देव कुमार देशमुख लंबे समय से लोक संस्कृति और आल्हा गायन के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय हैं। वे भारत विभूति आल्हा गायन दल के प्रमुख गायक हैं, जिसके लेखक एवं निर्देशक नारायण चंद्राकर हैं। उन्होंने महापुरुषों के जीवन पर आधारित आल्हा शैली में शोध, पुस्तक लेखन और गायन के माध्यम से विशिष्ट पहचान बनाई है। अब तक उनके सहयोग से लगभग 13 पुस्तकों का आल्हा शैली में विमोचन हो चुका है।

देशमुख ने लोक संगीत की विधा में देशभर के अनेक प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रस्तुतियां दी हैं। रायपुर, बिलासपुर, भोपाल, सूरत, सिरडी, बसना और महासमुंद सहित देश के विभिन्न शहरों में वे 40 से अधिक सांस्कृतिक मंचों पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति दे चुके हैं। दूरदर्शन रायपुर, जनधारा समाचार चैनल, रामायण मंचों, माता कौशल्या की संगीत प्रस्तुतियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में भी उनके गायन को व्यापक सराहना मिली है।

लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें देशप्रेम जागरूकता सम्मान (2018), माता कौशल्या सम्मान, धरती पुत्र अलंकरण सम्मान, संस्कार भारती कला साधक सम्मान (2023) सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उन्होंने विश्व शांति संदेश सांगीतिक मैराथन जैसे विश्व कीर्तिमान कार्यक्रमों में भी अपनी प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

नेपाल में मिली इस अंतरराष्ट्रीय सफलता को छत्तीसगढ़ की लोक कला और लोक संगीत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कला प्रेमियों और शुभचिंतकों ने देव कुमार देशमुख को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news