मुरमुंदा रोड पर घेराबंदी कर की कार्रवाई, 2.80 लाख रुपये का गांजा और बाइक जब्त
भिलाई : न्यूज़ 36 : नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नंदिनी नगर पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5.189 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। कार्रवाई में गांजा और मोटरसाइकिल समेत 2.80 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार 30 जून को ग्राम मुरमुंदा आम रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक मोटरसाइकिल में दो युवक अवैध रूप से गांजा लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक को रोक लिया।
तलाशी में मिला 5.189 किलो गांजा
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सन्नी साहू उर्फ माया साहू (27 वर्ष) और त्रिलोचन साहू उर्फ जय प्रकाश (30 वर्ष) बताया। दोनों रायपुर जिले के सरोरा गांव के रहने वाले हैं। तलाशी लेने पर उनके पास से 5.189 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
बाइक भी हुई जब्त
गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 MG 0156 को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। बाइक की कीमत करीब 30 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 2.80 लाख रुपये की जप्ती की गई।
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। बाद में दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
नशे के कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई जारी
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या नशा मुक्ति हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
