Tuesday, June 30, 2026

विधायक रिकेश के अतारांकित प्रश्न से निगम में मची हलचल

वार्ड-22 कुरूद में हुए निर्माण कार्यों पर सरकार से मांगा जवाब

भिलाई : न्यूज़ 36 : वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन द्वारा छत्तीसगढ़ विधानसभा में लगाए गए एक अतारांकित प्रश्न ने भिलाई नगर निगम और नगरीय प्रशासन विभाग में हलचल बढ़ा दी है। प्रश्न में भिलाई नगर निगम के वार्ड-22 कुरूद में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं, गुणवत्ता, जांच और कार्रवाई की जानकारी सरकार से मांगी गई है।

विधानसभा सचिवालय में लगाए गए प्रश्न क्रमांक-463 के माध्यम से विधायक ने सरकार से पूछा है कि क्या वार्ड-22 कुरूद में पेवर ब्लॉक, सड़क चौड़ीकरण सहित विभिन्न निर्माण कार्यों में अनियमितता और गुणवत्ताहीन निर्माण की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। यदि शिकायतें मिली हैं तो उनकी जांच किस स्तर पर हुई, किन-किन कार्यों में तकनीकी अनियमितता पाई गई तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की गई है।

विधायक ने यह भी जानना चाहा है कि संबंधित निर्माण कार्यों की स्वीकृत राशि, कार्यों का विवरण और जांच प्रतिवेदन क्या है। साथ ही यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई है तो उसके कारण भी सरकार से पूछे गए हैं।

विधानसभा की कार्यवाही में अतारांकित प्रश्न का उत्तर सरकार लिखित रूप में देती है। इस प्रकार के प्रश्नों में विभाग को सभी तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर विस्तृत जवाब तैयार करना पड़ता है। यही वजह है कि ऐसे प्रश्नों के बाद संबंधित विभाग रिकॉर्ड खंगालने और आवश्यक जानकारी जुटाने की प्रक्रिया तेज कर देते है।

राजनीतिक और प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि यदि सरकार सदन में विस्तृत उत्तर प्रस्तुत करती है तो संबंधित निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, शिकायतों और जांच की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। यदि किसी प्रकार की अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित एजेंसियों पर कार्रवाई की संभावना भी बन सकती है।

फिलहाल विधानसभा में लगाए गए इस प्रश्न के बाद नगर निगम और संबंधित विभागों की नजर सरकार द्वारा दिए जाने वाले लिखित उत्तर पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि सरकार अपने जवाब में क्या तथ्य सामने रखती है और आगे क्या कार्रवाई होती है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news