Monday, June 15, 2026

ऑनलाइन सट्टा रैकेट पर दुर्ग पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार

मोबाइल-टैब और 60 हजार नकद जब्त

भिलाई : न्यूज़ 36 : ऑनलाइन सट्टा और जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, टैब और 60 हजार रुपये नकद सहित करीब 1.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हरिया स्थित रियों होटल में दो व्यक्ति ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग एप के माध्यम से सट्टा गतिविधि संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर चौकी स्मृतिनगर पुलिस और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने होटल में दबिश देकर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया।

जांच के दौरान आरोपियों के मोबाइल और टैब की पड़ताल करने पर पता चला कि वे ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग एप के जरिए “सिक्किम” नामक प्लेटफॉर्म पर सट्टा खेल रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने अवैध ऑनलाइन बेटिंग गतिविधि में संलिप्त होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैब और 60 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 1.25 लाख रुपये बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख अकरम (24 वर्ष), निवासी सेक्टर-6 भिलाई और अनीष कुमार (27 वर्ष), निवासी सेक्टर-7 भिलाई के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चौकी स्मृतिनगर क्षेत्र में अपराध क्रमांक 803/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत मामला कायम किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से ऑनलाइन सट्टा, जुआ और अवैध बेटिंग गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news