भिलाई : न्यूज़ 36 : नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने प्रार्थी के पुत्र को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर वर्ष 2022 से 2024 के बीच 7 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तालपुरी निवासी राजेन्द्र कुमार बंछोर ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उसके परिचित अमनदीप सोढी ने उसके पुत्र को नौकरी दिलाने का प्रलोभन दिया था। आरोपी ने छह माह के भीतर नियुक्ति पत्र दिलाने का आश्वासन देकर अलग-अलग समय में कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नगद प्राप्त किए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी दिलाई गई और न ही रकम वापस की गई। प्रार्थी को ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 267/2026 के तहत धारा 420 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान आरोपी अमनदीप सोढी (36 वर्ष) निवासी बी-1, छत्तीसगढ़ कॉलेज धनोरा के पास, जिला दुर्ग की संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में दस्तावेजी साक्ष्य एवं लेनदेन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी, शासकीय भर्ती या अन्य प्रलोभन देकर राशि मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
