भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खुर्सीपार पुलिस ने अवैध गांजा बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 किलो 710 ग्राम गांजा, 1,480 रुपये नगद एवं एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना खुर्सीपार क्षेत्र के आईटीआई मैदान के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गांजा बिक्री किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को पकड़कर पूछताछ एवं तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे थैले से 10 किलो 710 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। साथ ही आरोपी के कब्जे से 1,480 रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सन्त्री यादव उर्फ देवार (32 वर्ष) निवासी देवार पारा, मछली मार्केट खुर्शीपार, भिलाई जिला दुर्ग बताया। आरोपी ने अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशे एवं मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें और समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।
