Wednesday, May 20, 2026

आधी रात शिवनाथ नदी में दबिश, अवैध रेत खनन करते तीन भारी मशीनें जब्त

न्यूज़ 36 : प्रदेशभर में अवैध रेत खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर जिले में भी खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। आधी रात की गई औचक जांच के दौरान शिवनाथ नदी में भारी मशीनों से अवैध उत्खनन करते हुए तीन चेन माउंटेड एक्सकेवेटर पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान मशीन संचालक मौके से फरार हो गए।

खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनिज उड़नदस्ता और जिला स्तरीय टीम लगातार विभित्र जिलों में निगरानी कर रही है। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत उदई बांध और अमलडीहा क्षेत्र में देर रात छापा मारा।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि शिवनाथ नदी में भारी मशीनों की मदद से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था। उदई बांध क्षेत्र में दो और अमलडीहा में एक चेन माउंटेड एक्सकेवेटर अवैध खनन में लगे मिले। जांच दल को देखते ही मशीन ऑपरेटर उपकरण छोड़कर मौके से भाग निकले।

खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत तीनों मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। विभाग की ओर से जब्त मशीनों के मुख्य प्रवेश द्वार पर कारण बताओ नोटिस भी चस्पा किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन को राजस्व नुकसान पहुंचाने वाली अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी नदी घाटों और खनन क्षेत्रों में इसी तरह की सघन जांच और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news