पुलगांव पुलिस ने मामला दर्ज किया
दुर्ग : न्यूज़ 36 : पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटनी शनि मंदिर के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मामले में पुलगांव पुलिस ने कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रिका प्रसाद जोशी (40 वर्ष) निवासी ग्राम नगपुरा के रूप में हुई है। बताया गया कि वे 16 मई 2026 को अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा डिलक्स क्रमांक CG 07 LK 2074 से एफसीआई गोदाम दुर्ग काम करने गए थे। शाम करीब 6:30 बजे काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रात लगभग 7:06 बजे कोटनी शनि मंदिर के पास नगपुरा की ओर से आ रही कार क्रमांक CG 07 AJ 4596 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रिका प्रसाद जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना में मृतक की बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मामले की जांच के दौरान मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। जांच में प्रथम दृष्टया कार चालक की लापरवाही सामने आने पर पुलगांव पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध क्रमांक 0457/26 धारा 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
