भिलाई : न्यूज़ 36 : साइबर धोखाधड़ी और क्रिकेट सट्टे में म्यूल बैंक अकाउंट का उपयोग करने वाले दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को लोन दिलाने का झांसा देकर उनके बैंक खाते, पासबुक और एटीएम हासिल कर अवैध गतिविधियों में उपयोग कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार थाना छावनी क्षेत्र के बैकुण्थ धाम आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-25 परिसर में कुछ लोगों द्वारा बैंक खाते और पासबुक एकत्र कर उन्हें साइबर फ्रॉड तथा क्रिकेट सट्टे में इस्तेमाल किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 मई 2026 को आरोपी जावेद अख्तर और आकाश जायसवाल को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी लोन दिलाने के नाम पर लोगों से बैंक खाते, पासबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज प्राप्त करते थे। बाद में इन्हें मोटी रकम लेकर दूसरे लोगों को उपलब्ध कराया जाता था, जिनका उपयोग साइबर फ्रॉड और अन्य अवैध आर्थिक गतिविधियों में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महाराजा बैंक से संबंधित खाता दस्तावेज और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना छावनी में धारा 319 एवं 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
गिरफ्त्तार आरोपियों में आकाश जायसवाल निवासी शारदा पारा कैम्प-02 भिलाई तथा जावेद अख्तर निवासी मदर टेरेसा नगर कैम्प-01 भिलाई शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज किसी भी अनजान व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, क्योंकि ऐसे दस्तावेजों का इस्तेमाल साइबर अपराधों में किया जा सकता है।
