Sunday, May 17, 2026

पुलिस पेट्रोल पंप सेक्टर 6 में BSP कर्मी से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों ने शराब पीने मांगे थे पैसे नहीं देने पर घटना को दिया अंजाम

भिलाई : न्यूज़ 36 : पेट्रोल संकट के बीच पेट्रोल भराने जा रहे एक बीएसपी कमीं के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। प्रार्थी की शिकायत पर थाना भिलाई नगर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है।

भिलाई नगर पुलिस ने बताया कि बीएसपी कर्मी बी.एस. श्रीनिवाश राव 15 मई 2026 की रात करीब 11.35 बजे अपनी कार क्रमांक CG 07 CY 4612 से सेक्टर-06 स्थित पुलिस पेट्रोल पंप में पेट्रोल भराने जा रहे थे। उस दौरान शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल नहीं मिलने से भारी भीड़ थी। परिवार चौक के आगे सेक्टर-06 क्षेत्र में उन्होंने दोस्त का फोन आने पर कार साइड में खड़ी कर मोबाइल पर बात करना शुरु किया।

इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों में सवार चार युवक वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। प्रार्थी द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा एक युवक ने थप्पड़ मार दिया। घटना के समय सभी आरोपी शराब के नशे में बताए गए हैं। घटना के बाद चारों युवक वहां से भाग गए। बाद में जब प्रार्थी सेक्टर-06 स्थित पुलिस पेट्रोल पंप पहुंचे तो वहां भारी भीड़ के बीच उन्हें वही चारों युवक दिखाई दिए। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल का नंबर CG 07 G 9162 देखा गया। प्रार्थी ने तत्काल पेट्रोल पंप कर्मचारियों को सूचना दी, जिसके बाद कर्मचारियों ने दो युवकों को पकड़ लिया जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।

पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में अपने नाम रितिक चौहान और अभिषेक वाशनिक बताए। प्रार्थी के अनुसार आरोपियों द्वारा की गई गाली-गलौज आसपास मौजूद लोगों ने भी सुनी। घटना के प्रत्यक्षदर्शी पेट्रोल पंप कर्मचारी भी बताए जा रहे हैं।

भिलाई नगर पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी रितिक चौहान, अभिषेक वाशनिक एवं अन्य साथियों के खिलाफ धारा 119(1), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध क्रमांक 0257/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news