4 आरोपी और एक अपचारी बालक गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में मोबाइल टावरों से कॉपर केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का खुलासा करते हुए उतई थाना एवं चौकी मचांदुर पुलिस ने 4 आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर केबल, केबल काटने का उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मचांदुर, घुघसीडीह और पतोरा क्षेत्र में स्थित मोबाइल टावरों से अज्ञात चोरों द्वारा कॉपर केबल चोरी किए जाने की शिकायत प्रार्थी पुरुषोत्तम जायसवाल निवासी शिवनगर दुर्ग एवं कृपाशंकर तिवारी निवासी न्यू आदर्श नगर पद्मनाभपुर द्वारा दर्ज कराई गई थी। मामले में थाना उतई एवं चौकी मचांदुर में अपराध क्रमांक 247/2026, 248/2026 एवं 249/2026 धारा 303(2), 3(5), 111 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास जुटाए गए साक्ष्यों एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने 13 और 14 मई 2026 की दरम्यानी रात ग्रामीण क्षेत्रों में सुनसान जगहों पर लगे मोबाइल टावरों की रेकी कर कॉपर केबल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए कॉपर केबल को बेचकर प्राप्त रकम को आपस में बांट लेते थे और उसे दैनिक जरूरतों एवं खाने-पीने में खर्च करते थे।
पुलिस ने आरोपियों एवं अपचारी बालक की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी, केबल काटने का उपकरण तथा चोरी किया गया कॉपर केबल बरामद किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में सन्नी गुप्ता, मिलन कुमार निर्मलकर, किशन यादव एवं अरुण खुटेल शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग जिले के नेवई एवं स्टेशन मरौदा क्षेत्र के निवासी हैं।
पूरे मामले में थाना उतई के निरीक्षक महेश ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, चौकी मचांदुर के सहायक उप निरीक्षक नेमन साहू, प्रधान आरक्षक अभिषेक पाण्डेय, आरक्षक बच्ची यादव एवं अन्य पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
