भिलाई : न्यूज़ 36 : जामुल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में जामुल पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मोहम्मद कादीर निवासी वार्ड-11 नंदिनी नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 14 मई 2026 की रात करीब 8 बजे उसका भांजा मोहम्मद तैय्यब अपने साथी मोहम्मद अफरोज को बाइक क्रमांक CG 07 BE 1615 में पीछे बैठाकर नंदिनी नगर से पावर हाउस भिलाई की ओर जा रहा था।
दोनों युवक पावर हाउस- अहिवारा मार्ग पर ग्राम खेदामारा स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात पिकअप वाहन के चालक ने तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना राहगीरों ने घायल तैय्यब के मोबाइल फोन से परिजनों को दी। सूचना मिलने पर मोहम्मद कादीर मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल सुपेला लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने मोहम्मद अफरोज को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मोहम्मद तैय्यब को प्राथमिक उपचार के बाद स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मामले में थाना जामुल में मर्ग क्रमांक 36/26 धारा 195 बीएनएसएस कायम कर जांच की गई। जांच के दौरान अज्ञात पिकअप चालक द्वारा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करना पाए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0333/26 दर्ज किया है।
जामुल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 125 (ए), 106 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी वाहन एवं चालक की तलाश शुरु कर दी है।
