साजा(अभिषेक) : न्यूज़ 36 : साजा पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 4 नग गौवंश (भैंसी व पड़वा) से भरी एक पिकअप वाहन को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त वाहन और मवेशियों की कुल कीमत करीब 10 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले में प्रार्थी केशव चौहान (42 वर्ष), निवासी देवरबीजा, थाना व जिला बेमेतरा सहित अन्य गौसेवकों ने थाना साजा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 12 और 13 मई की दरमियानी रात गौ तस्करी की सूचना मिलने पर वे अन्य गौसेवकों के साथ साजा कोदवा रोड स्थित मंदिर के पास पहुंचे और घेराबंदी की। इस दौरान पिकअप क्रमांक सीजी 10 बीजेड 0763 में चालक गंगाराम केवट द्वारा मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिस पर पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी भूषण एक्का और विनय कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रोशन लाल टोन्डे ने टीम के साथ कार्रवाई की।
आरोपी गंगाराम केवट (36 वर्ष), निवासी कछार थाना मस्तुरी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर 13 मई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोशन लाल टोन्डे, एसआई बनवारी राम सोनकर, प्रधान आरक्षक विजेंद्र सिंह, फागेश्वर देशमुख, आरक्षक अर्जुन ध्रुव, मोतीलाल जायसवाल सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।
