नागपुर के दो आरोपी गिरफ्तार
भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग यातायात पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक द्वारा आरक्षक को कुचलने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने पीछा कर नागपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कुम्हारी टोल प्लाजा के पास दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान सउनि सुशील पाण्डेय के हमराह आरक्षक रमेश चंद्राकर की ड्यूटी रायपुर से दुर्ग मार्ग पर लगाई गई थी।
दोपहर करीब 12:40 बजे रायपुर की ओर से दुर्ग की तरफ आ रही कार क्रमांक MH 02 AY 3475 तेज रफ्तार में दिखाई दी। वाहन में ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। आरक्षक रमेश चंद्राकर ने वाहन रोकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाते हुए आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया। खुद को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई और वह वाहन के सामने गिर गया। बताया गया कि आरोपियों ने वाहन को उसके सिर की ओर बढ़ाने की भी कोशिश की, लेकिन आरक्षक ने सतर्कता दिखाते हुए पीछे हटकर जान बचाई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद यातायात पुलिस टीम ने तत्काल कार का पीछा किया और सिरसा गेट के पास वाहन सहित दो युवकों को पकड़ लिया। वाहन में दो युवतियां भी मौजूद थीं। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रमजान निवासी न्यू नेहरु नगर नागपुर एवं जाकिर मोहम्मद निवासी बड़ा ताजबाग सक्करदारा नागपुर बताए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत धारा 109 (1), 221, 3(5) बीएनएस तथा धारा 184 और 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। घटना में प्रयुक्त कार को जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं वाहन में मौजूद युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी वाहन चेकिंग और कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से लापरवाही एवं जानलेवा तरीके से वाहन चला रहे थे।
इस कार्रवाई में सउनि सुशील पाण्डेय, आरक्षक रमेश चंद्राकर एवं वाहन चेकिंग ड्यूटी में तैनात यातायात पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने एवं पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की है।
