Friday, May 15, 2026

अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो महिलाओं समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और ज्वेलरी दुकान से करीब 13 लाख 12 हजार 800 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, नगदी और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू और थाना वैशाली नगर पुलिस द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं 1600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। जांच के दौरान आरोपी नौशाद की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और खुर्सीपार स्थित अपने ससुराल में रहकर मालवाहक वाहन चालक का काम करता था। दिन में सूने मकानों की रेकी कर रात में गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी की रकम से आरोपी ने हीरो डेस्टिनी वाहन भी खरीदा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ने गुरुनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदमनगर समेत जिला बालोद के करहीभदर क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। चोरी के सोने-चांदी के जेवर महिलाओं के माध्यम से पावर हाउस ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे। मामले में ज्वेलरी दुकान संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद निवासी जौनपुर उत्तर प्रदेश, नगीना निवासी गौतम नगर खुर्सीपार, मदीना निवासी गौतम नगर खुर्सीपार शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 60 ग्राम सोने के जेवर, 8.50 ग्राम चांदी के जेवर, कैमरा, इंडक्शन चूल्हा, 7,800 रुपये नगद तथा चोरी में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी वाहन क्रमांक CG 07 DD 9877 जब्त किया है।

मामले में थाना वैशाली नगर, जामुल, पुरानी भिलाई, सुपेला और जिला बालोद के कुल 6 चोरी प्रकरणों का खुलासा हुआ है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ने की स्थिति में पड़ोसियों अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना अवश्य दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news