भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई -3 पुरैना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां आकाशीय बिजली गिरने से 18 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत भी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार, स्टोर पारा पुरैना निवासी शक्ति बिश्नोई अपने घर के पास हाईटेंशन लाइन के नीचे खेल रहा था, तभी अचानक मौसम खराब हुआ और आकाशीय बिजली गिर गई। इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतक 12वीं कक्षा का छात्र था और अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की। शव को सुपेला स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश से मणिपुर तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ रहा है। साथ ही बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। आने वाले दिनों में कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
