Thursday, May 14, 2026

अफीम तस्करी नेटवर्क पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, झारखंड से दो तस्कर गिरफ्तार

15 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम, मोबाइल फोन और नगदी रकम बरामद

भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय अफीम तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के गुमला जिले से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम, मोबाइल फोन और नगदी रकम बरामद की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि थाना कुम्हारी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खरीदी-बिक्री और तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरु की थी। जांच के दौरान आरोपी राजकेश्वर साहू से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिसमें अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित अफीम सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस जांच में मोबाइल कॉल डिटेल, आपसी संपर्क और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर यह सामने आया कि झारखंड से अवैध अफीम लाकर दुर्ग जिले के कुम्हारी एवं बीएसपी कॉलोनी क्षेत्र में बिक्री की जा रही थी। मामले में सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र साहू उर्फ सुंदर साहू (32 वर्ष) निवासी ग्राम लांजी हुडराटोली थाना गुमला जिला गुमला झारखंड तथा राजकेश्वर साहू (32 वर्ष) निवासी ग्राम लांजी चौकी थाना गुमला जिला गुमला झारखंड के रुप में हुई है।

प्रकरण में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 18 (ख), 27 (क) और 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है, जबकि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

दुर्ग पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से अफीम की तस्करी और बिक्री की जा रही थी। कार्रवाई में थाना कुम्हारी पुलिस, तकनीकी विश्लेषण टीम और एनडीपीएस एक्ट की विवेचना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news