Wednesday, May 13, 2026

हालिडे पैकेज के नाम पर लोगों से की लाखों रुपये की ठगी, जुर्म दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : हालिडे पैकेज और मेंबरशिप योजना के नाम पर लोगों से लाखों रुपये लेकर फरार हुई ट्रेवल कंपनी के संचालक एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। प्रार्थिया की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सूर्या रेसिडेंसी जुनवानी निवासी अंजु कुमारी ने शिकायत कर पुलिस को बताया कि 26 जनवरी को वह अपने बेटे अमन कुमार के साथ टीआइ सूर्यामाल जुनवानी शापिंग के लिए गई थीं। वहां पांचवें तल पर संचालित क्लब राइट टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें हालिडे वाउचर दिया। बाद में 31 जनवरी 2026 को फोन कर बताया गया कि उनका गिफ्ट वाउचर चयनित हुआ है और उन्हें कंपनी कार्यालय बुलाया गया। कार्यालय पहुंचने पर कंपनी के संचालक श्रीमंत राम खाण्डे एवं कर्मचारियों ने आकर्षक हालिडे पैकेज और मेंबरशिप योजना की जानकारी दी।

आफिस बंद कर संचालक व कर्मचारी हो गए फरार :

प्रार्थिया ने पांच वर्ष का पैकेज एक लाख 35 हजार रुपये में लिया, जिसमें प्रतिवर्ष पांच टूर पैकेज देने का दावा किया गया था। राशि का भुगतान उन्होंने आइसीआइसीआइ बैंक एवं एचडीएफसी बैंक खाते से यूपीआइ के माध्यम से किया। कुछ दिनों बाद जब अंजु कुमारी पैकेज संबंधी जानकारी लेने टीआइ सूर्यामाल स्थित कार्यालय पहुंचीं, तब पता चला कि कंपनी का आफिस बंद हो चुका है और संचालक व कर्मचारी फरार हैं। शिकायत में बताया गया कि कंपनी ने भिलाई, दुर्ग और बिलासपुर में कई लोगों से इसी तरह रकम लेकर धोखाधड़ी की है। पीड़ितों में नरेंद्र गच्ची से 1.11 लाख रुपये, अतनु गांगुली से 92 हजार, अनिल रजक से 60 हजार, अविनाश से 85 हजार, अक्षय कुकडकर से 55 हजार, श्याम सिंह यदुवंशी से 50 हजार, मुस्ताक अली से 36 हजार, आर. के. गुप्ता से एक लाख, निखिल चंद्राकर से एक लाख, अनुपमा सोनी से एक लाख, स्वेता उमरे से 1.32 लाख, माधुरी कारेकर से 1.55 लाख, अमृता भाटिया से 1.45 लाख, नेहा जैन से 1.45 लाख सहित कई अन्य लोगों से भी लाखों रुपये लिए जाने का उल्लेख आवेदन में किया गया है।

पुलिस को दर्ज शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी संचालक श्रीमंत राम खाण्डे और उनके सहयोगियों ने सुनियोजित तरीके से कार्यालय बंद कर लोगों की जमा राशि हड़प ली और किसी भी ग्राहक को टूर पैकेज उपलब्ध नहीं कराया। जिसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news