Wednesday, May 13, 2026

जल संकट और बिजली कटौती पर भड़के विधायक देवेंद्र यादव ने अधिकारियों को लगाई फटकार

वैशाली नगर विधानसभा के नागरिक भी पहुंचे अपनी समस्याओं  को लेकर विधायक देवेंद्र यादव के पास 

भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने सेक्टर-5 स्थित अपने कार्यालय में जनभेंट-मुलाकात कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। विधायक ने एक-एक नागरिक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

भेंट-मुलाकात में सबसे ज्यादा शिकायतें भीषण गर्मी के बीच जल संकट को लेकर सामने आईं। खुर्सीपार और छावनी क्षेत्र से पहुंचे करीब 50 से अधिक महिला-पुरुषों ने विधायक को बताया कि उनके इलाके में पेयजल की भारी समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में नई पानी टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन ठेकेदार की लापरवाही और मनमानी के कारण काम समय पर पूरा नहीं हो पाया है। टंकी अब तक शुरू हो जानी थी, लेकिन देरी के चलते लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।

इस पर विधायक देवेंद्र यादव ने नाराजगी जताते हुए निगम जोन-4 के अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित इलाकों में तत्काल नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जाए और जहां जरूरत हो वहां पाइप लाइन का विस्तार किया जाए। विधायक ने कहा कि गर्मी के मौसम में जनता को पानी के लिए भटकना पड़े, यह किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वहीं वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के कोहका और कुरूद क्षेत्र से पहुंचे लोगों ने बिजली कटौती की समस्या उठाई। लोगों ने बताया कि बिजली कंपनी बिना सूचना के कभी भी बिजली बंद कर देती है, जिससे आमजन खासकर बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं गर्मी में बेहद परेशान हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। इस पर विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने और अनावश्यक कटौती बंद करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग राशन कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन, सहायता राशि, स्कूलों में बच्चों के प्रवेश और महतारी वंदन योजना से जुड़ी समस्याएं लेकर भी पहुंचे। विधायक देवेंद्र यादव ने सभी मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।

विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि जनता की समस्या का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। अधिकारी जनता की परेशानी को गंभीरता से लें और समय पर काम करें। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news