Saturday, September 26, 2026

BSP में नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख की ठगी, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : पुरानी भिलाई पुलिस ने भिलाई इस्पात संयंत्र में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुरानी भिलाई पुलिस ने बताया कि प्रार्थी दुर्गेश वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई की वह अपने परिवार के साथ ग्राम नंदौरी जिला दुर्ग में रहता है और वर्तमान में बीएसपी में निजी तौर पर कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता है। वर्ष 2023 में एक परिचित के माध्यम से उसकी मुलाकात सैम्युअल सातुम उर्फ आदि गुज्जर से हुई थी। आरोपी ने खुद की पहचान बीएसपी के बड़े अधिकारियों से होने की बात कहते हुए उसे बीएसपी में स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने उससे आधार कार्ड, पैन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य मूल दस्तावेज लिए और बाद में नौकरी लगवाने के नाम पर 6 लाख रुपये की मांग की। प्रार्थी ने 5 अप्रैल 2023 को 3 लाख रुपये दिए, जबकि शेष 3 लाख रुपये आरोपी ने ग्राम नंदौरी स्थित उसके घर पहुंचकर 25 और 26 अप्रैल 2023 को लिए।

आरोपी लगातार उसे भरोसा दिलाता रहा कि एक-दो महीने में बीएसपी में परमानेंट नौकरी मिल जाएगी। लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी लगी और न ही पूरी रकम वापस की गई। शिकायतकर्ता ने दबाव बनाया तो आरोपी ने 10 मई 2025 को केवल 1 लाख रुपये लौटाए, जबकि अब भी 5 लाख रुपये बाकी हैं।

दुर्गेश वर्मा ने बताया कि एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के माध्यम से उसे जानकारी मिली कि दुर्ग पुलिस ने नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले सैम्युअल सातुम उर्फ आदि गुज्जर को गिरफ्त्तार किया है। इसके बाद उसने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुरानी भिलाई पुलिस ने अपराध क्रमांक 0255/26 दर्ज कर आरोपी सैम्युअल सातुम के खिलाफ धारा 420 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरु कर दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news