भिलाई : न्यूज़ 36 : खुर्सीपार क्षेत्र में सोमवार तड़के 4 बजे पुलिस ने कॉम्बिंग गश्च करके चेकिंग अभियान चलाया। भारी संख्या में पहुंची पुलिस की टीमों ने बस्तियों, ट्रांसपोर्ट नगर, बाजार क्षेत्रों में संदिग्धों लोगों और वाहनों की जांच की। सुबह 9 बजे तक चली कार्रवाई में करीब 500 मकानों, 200 ट्रक-ट्रेलर व अन्य वाहनों की जांच की गई। इस दौरान 7 संदिग्ध बाइक को जब्त किया गया। तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया।
एएसपी मणीशंकर चंद्रा ने बताया कि असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। अभियान में एएसपी, सीएसपी, थाना प्रभारी समेत 100 से अधिक पुलिस जवान मौजूद रहे। पुलिस की अलग अलग टीमों ने खुर्सीपार स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट, ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में जांच की। अभियान के दौरान दो और चार पहिया वाहनों की डिक्की चेक की गई। ट्रांसपोर्ट नगर में खड़े ट्रक और ट्रेलरों के चालकों, क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन के दस्तावेज, आधार कार्ड की जांच की गई। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों, धारदार हथियार रखने वालों पर पैनी नजर रखी। कार्रवाई में एएसपी मणिशंकर चन्द्रा, डीएसपी क्राइम यदुमनी सिदार, थाना प्रभारी खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल समेत ट्रैफिक प्रभारी दुर्ग व अन्य थानों की पुलिस मौजूद रही।
संदिग्धों की जानकारी देने डायल करें 112
लोगों को पूछताछ के लिए खुर्सीपार थाना लाया गया है। पुलिस के मुताबिक सभी से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। नागरिकों को समझाइश देकर अपील की यदि उनके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन, गतिविधि दिखाई दे तो इसकी जानकारी तुरंत 112 में फोन करके पुलिस को दें।
