सिर पर फावड़े से किया था घातके वार
भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई नगर पुलिस क्षेत्र के रुआंबाधा सेक्टर माया नगर वार्ड क्रमांक 5 में घरेलू विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार लोहे के रापा (फावड़ा) से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पड़ोसी हेमलाल वर्मा ने पुलिस को बताया कि 10 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे मोहल्ले के लोगों ने सूचना दी कि पड़ोसी भाइयों अशोक यादव और मनोज यादव के घर में झगड़ा हो रहा है। मौके पर पहुंचने पर देखा कि अशोक यादव के सिर और बाएं कान में गंभीर चोट थी, जबकि मनोज यादव के हाथ में खून लगा रापा था।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस को बुलाया गया। घायल अशोक यादव को पहले जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे डॉ. भीमराव आंबेडकर स्मृति चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच करीब 10 वर्ष पहले बंटवारा हो चुका था। इसके बावजूद घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी। घटना के दिन भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो हिंसक झगड़े में बदल गई। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में शराब के नशे में विवाद बढ़ने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। बाद में अशोक यादव की मौत होने पर प्रकरण में हत्या की धारा जोड दी गई।
सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपी मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
