Saturday, May 9, 2026

रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल होते ही पटवारी निलंबित

दुर्ग : न्यूज़ 36 : जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए, रिश्वत लेने के आरोप में एक पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर अभिजीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई…

कलेक्टर के निर्देशों के परिपालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भिलाई-03 महेश सिंह राजपूत ने तहसील कार्यालय अहिवारा में पदस्थ पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर को निलंबित कर दिया। पटवारी पर भूमि बंटवारे के एवज में राशि लेने और कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप सिद्ध पाए गए।

जांच में सामने आया रिश्वत का मामला…

मामले की जांच तहसीलदार अहिवारा द्वारा की गई, जिसमें वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित पक्षकारों के बयान दर्ज किए गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि भूमि बंटवारे के नाम पर पटवारी को 45,000 रुपये की राशि दी गई थी।

पूछताछ के दौरान पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर ने स्वयं स्वीकार किया कि उन्होंने पक्षकार की माता से राशि ली थी और बाद में वापस करने की बात कही थी।

नियमों का उल्लंघन, कड़ी कार्रवाई…

एसडीएम द्वारा यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-03 एवं 14 का उल्लंघन पाया गया, जिसे कदाचार की श्रेणी में रखते हुए, छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई।

निलंबन अवधि में मुख्यालय निर्धारित…

निलंबन अवधि के दौरान पटवारी लेकेश्वर सिंह ठाकुर का मुख्यालय तहसील कार्यालय अहिवारा निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश…

इस कार्रवाई से जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news