भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरोदा स्थित एक फ्लैट में अवैध रूप से हुक्का संचालन का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में हुक्का पॉट, फ्लेवर और अन्य उपकरण सहित 13,215 रूपये की सामग्री जब्त की गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 3 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजय शांति हाईट्स, बरोदा के फ्लैट नंबर 23 में कुछ लोग अवैध रूप से हुक्का पिलाने और सेवन करने का काम कर रहे हैं। सूचना के बाद थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान फ्लैट में 6 युवक हुक्का पीते और पिलाते पाए गए। पूछताछ में किसी के पास भी वैध अनुमति संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में उज्जवल जैन (23), हर्ष जैन (26), रौनक जैन (27), हिमांशु वर्मा (28), उज्जवल चतुर्वेदी (28) और आयुष सिंह (27) शामिल है।
कार्रवाई के दौरान 3 हुक्क्का पॉट, 2 हुक्का बर्नर, 1 हुक्का चार्जर, प्लास्टिक पाइप के 5 पैकेट, 17 पैकेट हुक्का फ्लेवर, 1 डिब्बा फ्लेवर और सिल्वर कॉडल पेपर जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 13,215 रुपये बताई गई है।
थाना पुरानी भिलाई में अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4 (क) और 21 (क) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू और हुक्का सेवन प्रतिबंधित है तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
