भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छावनी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर एक सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, लैपटॉप, सिम कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में लाखों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि हुंडई वेन्यु कार में सवार कुछ युवक नेहरु नगर, सुपेला चौक, भिलाई नगर और पाचर हाउस क्षेत्र में घूम घूमकर मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के बाद वैकुण्थ धाम गेट, गौरव पथ रोड, कैम्प-02 भिलाई के पास घेराबंदी कर वाहन सहित आरोपियों को पकड़ा गया।
आरसीबी-गुजरात मैच पर लग रहे थे दांव
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी Royal Challengers Bengaluru और Gujarat Titans के बीच खेले जा रहे मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टा चला रहे थे। मोबाइल ऐप और ऑनलाइन आईडी के जरिए हार-जीत पर दांव लगाए जा रहे थे।
पूछताछ में नेटवर्क का खुलासा
मौके से गिरफ्त्तार पवन कुमार यादव और मयंक गणवीर से पूछताछ के बाद अन्य आरोपी नमन गुप्ता और नौलकंठ कोसरे उर्फ नीलू को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों ने पूष्ठताछ में बताया कि वे व्हाट्सएप के जरिए हिसाब-किताब रखते थे और अवैध कमाई अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर करते थे।
दूसरे लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल
जांच में यह भी सामने आया कि जब्त पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों के नाम पर हैं। पुलिस को आशंका है कि इनका इस्तेमाल बिना जानकारी के सट्टे के लेनदेन में किया जा रहा था।
चार आरोपी गिरफ्तार : गिरफ्त्तार आरोपियों में पवन कुमार यादव (कैम्प-02 भिलाई), मयंक गणवीर (रिसाली), नमन गुप्ता (स्मृति नगर, सुपेला) और नीलकंठ कोसरे उर्फ नीलू (ग्राम बरहापुर, धमधा) हैं।
