दुर्ग : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा आयोजित मंडी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा रविवार को दुर्ग जिले में शांतिपूर्वक संपत्र हुई। मंडी उप निरीक्षक परीक्षा में दुर्ग जिले से 23860 परीक्षार्थी शामिल हुए तथा 15077 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
मुख्य समन्वयक दुर्ग जिला एवं साईस कालेज, दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि इस परीक्षा हेतु दुर्ग जिले में कुल 38937 परीक्षार्थियों ने अपना पंजीकरण कराया था। डॉ. सिंह के अनुसार एक पाली में 123 परीक्षा केन्द्रों पर प्रातः 10.00 बजे से 12.15 बजे तक शांति पूर्वक परीक्षा आयोजित हुई। प्रत्येक परीक्षा केन्द पर मुख्य प्रवेश द्वार प्रातः 9.30 बजे बंद कर दिये गये थे, इसके पश्चात् किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नही दिया गया। मुख्य प्रवेश द्वार बंद करते समय केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में वीडियो ग्राफी भी करायी गयी।
सहायक समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना ने बताया कि परीक्षा के दौरान मुख्य समन्वयक डॉ. अजय कुमार सिंह, सहायक समन्वयक डॉ. अभिनेष सुराना एवं डॉ. एस.डी. देशमुख ने अनेक परीक्षा केन्द्रों का भौतिक रूप से भ्रमण किया। डॉ. सुराना के अनुसार आज परीक्षा में व्यापम के निर्देशानुसार केवल हल्के कलर के हाफ बाहीं वाले शर्ट अथवा कुर्ते पहने तथा बिना कान में आभूषण एवं स्लीपर चप्पल पहने हुये परीक्षार्थियों को ही प्रवेश दिया गया। व्यापम के निर्देशानुसार इस बार प्रत्येक परीक्षा केन्द्र को यह भी उल्लेखित करना अनिवार्य था, कि दोपहर 12.15 पर परीक्षा समाप्ति के कितने समय के अंदर ओएमआर उत्तर शीट शील बंद की गई। इसी प्रकार परीक्षा अवधि के दौरान प्रसाधन कक्ष अर्थात् वॉश रूम का उपयोग करने वाले परीक्षार्थियों का विवरण भी पृथक शीट में भरकर व्यापम को प्रेषित किया गया।
