भिलाई : न्यूज़ 36 : दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एस.बी.एस. हॉस्पिटल प्रबंधन से 5 लाख रुपये की मांग कर दबाव बनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, S.B.S. Hospital के मैनेजर निर्मल सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गुरुमीत सिंह वाधवा नामक व्यक्ति हॉस्पिटल प्रबंधन को ब्लैकमेल कर 5,00,000 रुपये की अवैध मांग कर रहा था और भय उत्पन कर दबाव बना रहा था।
शिकायत के आधार पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 230/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में Chhattisgarh Medical Protection Act 2010 की धारा 3 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 308 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने शिकायत की पुष्टि की। साथ ही घटना से जुड़े 13 मोबाइल फोटोग्राफ और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी एकत्र किए गए। पर्याप्त प्रमाण मिलने के बाद 24 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी गुरुमीत सिंह वाधवा (उम्र लगभग 55 वर्ष), निवासी सुंदर नगर भिलाई को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी द्वारा अवैध धन उगाही और दबाव बनाकर ब्लैकमेलिंग करने का प्रयास किया जा रहा था।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली या दबाव संबंधी गतिविधि की जानकारी मिले तो
तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।
