एक में चालक हिरासत में, दूसरे में आरोपी फरार
भिलाई : न्यूज़ 36 : जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो सड़क हादसों में एक महिला समेत दो बुजुर्गों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
पहली घटना उतई थाना क्षेत्र की है, जहां बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे बोरीडीह मार्ग पर साहू मैरिज पैलेस के पास तेज रफ्तार जेसीबी ने 70 वर्षीय सूरजा बार्ड साहू को टक्कर मार दी। वह बौरीगारका गांव की निवासी थीं और महतारी वंदन योजना के तहत केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर पंचायत भवन से घर लौट रही थीं। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मचांदूर चौकी पुलिस पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में जेसीबी चालक गोविंद निर्मलकर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। संबंधित वाहन साहू ट्रेडर्स एंड कंस्ट्रक्शन के संचालक वेदनारायण साहू का बताया जा रहा है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं दूसरी घटना पुलगांव थाना क्षेत्र की है, जहां 71 वर्षीय देवदास त्रिपुड़े की हिट एंड रन मामले में मौत हो गईं। मृतक राजनांदगांव का निवासी था और चिखली स्थित जय श्री राइस मिल में गार्ड का काम करता था।
19 अप्रैल 2026 की रात करीब 8 बजे वह आशिष धर्मकांटा के पास सड़क पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन बालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। गभीर रूप से घायल देवदास को पहले जिला अस्पताल दुर्ग और फिर शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी, भिलाई में भर्ती कराया गया, जहां 20 अप्रैल की सुबह 5:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले में पुलगांव पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281, 106 (1) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
