भिलाई : न्यूज़ 36 : भिलाई में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में अज्ञात ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से ₹3 लाख 28 हजार से ज्यादा रकम पार कर दी।
पीड़ित रामू, जो चरोदा रेलवे कॉलोनी के निवासी हैं और एक निजी कंपनी में काम करते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल की शाम उनके मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। जब उन्होंने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि एचडीएफसी बैंक खाते से अलग-अलग किश्तों में ₹3,28,044 निकाल लिए गए हैं। जानकारी के अनुसार यह रकम यूपीआई के जरिए Axis Bank समेत अन्य खातों में ट्रांसफर की गई।
घटना के बाद पीड़ित ने तुरंत बैंक पहुंचकर शिकायत की और फिर थाना भिलाई-3 में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भिलाई में बढ़ते साइबर अपराधों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज से बचने की अपील कर रही है।
