Wednesday, April 22, 2026

भिलाई में शराब दुकान के विरोध में दो एमआईसी सदस्यों का आवेदन

भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक-63, सेक्टर-6 (पश्चिम) के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य साकेत चंद्राकर एवं वार्ड क्रमांक 67 पश्चिम के पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मीपति राजू ने सेक्टर-6 ए मार्केट में प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। उन्होंने इस निर्णय को जनहित के विपरीत बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
पार्षद ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि संबंधित स्थान भिलाई का प्रमुख और व्यस्त बाजार क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग परिवार सहित खरीदारी करने आते हैं। ऐसे सार्वजनिक और पारिवारिक वातावरण वाले क्षेत्र में शराब दुकान खोलना सामाजिक दृष्टि से अनुचित बताया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि आसपास स्कूल, आवासीय कॉलोनी, क्लिनिक और धार्मिक स्थल स्थित हैं, जिससे क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ जाती है। शराब दुकान खुलने से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, साथ ही बाजार क्षेत्र में अव्यवस्था फैलने की आशंका भी जताई गई है।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आसपास के खाली मैदानों और जर्जर भवनों में पहले से असामाजिक गतिविधियां देखी जाती रही हैं। ऐसे में शराब दुकान शुरू होने से नशाखोरी और अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है, जिससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित होगा। पार्षदद्वय लक्ष्मीपति राजू एवं साकेत चंद्राकर ने कलेक्टर से मांग की है कि प्रस्तावित शराब दुकान के निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, ताकि क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था बनी रहे।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news