Tuesday, April 21, 2026

पतंजलि के बाल योग गुरुकुल ग्रीष्मकालीन शिविर में निखारेंगे बच्चों का व्यक्तित्व

योग, संस्कार और जीवन कौशल का होगा अनूठा
संगम, 3 मई से कोहका में होगा महीने भर का आयोजन

भिलाई : न्यूज़ 36 : पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग की ओर से बाल योग गुरुकुल ग्रीष्मकालीन शिविर 2026 का आयोजन 3 मई से 27 मई तक पतंजलि गौशाला परिसर, कोहका, भिलाई में किया जा रहा है। ग्रीष्म अवकाश को बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सार्थक बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में कक्षा छठवीं से 12वीं तक के बालक-बालिकाओं को योग, भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा एवं जीवन कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक इस शिविर में बच्चों के लिए योग, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं ध्यान, गीता एवं रामायण के श्लोक, चौपाइयों का अध्ययन और जीवन में प्रयोग,जीवन कौशल (अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता), संस्कार आधारित खेल एवं योग प्रतियोगिताएं, चित्रकला, भजन, नाटक, वक्तृत्व एवं रचनात्मक गतिविधियाँ, सेवा कार्य, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां होंगी। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह विशेष थीम के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास एवं आध्यात्मिकता का विकास किया जाएगा। जिले के सभी जोनों का सक्रिय सहयोग रहेगा।

शिविर को सफल बनाने टीम सक्रिय

इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने हेतु पतंजलि योग समिति, जिला दुर्ग के चारों जोनों के पदाधिकारी एवं योग शिक्षक सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इनमें दुर्ग जोन से उद्धव राम साहू, संदीप गुप्ता, सेक्टर जोन से जयंत भारती, राजेश तिवारी, बिसेन, वैशाली नगर जोन से शंभू कुशवाहा, तिजऊ राम साहू, अनूप बंसल, एस.के. रंधावा, भिलाई-3 जोन से श्रीनिवास राव, आर.के. वैद्य एवं अन्य समर्पित पतंजलि कार्यकर्ता शामिल हैं। इस शिविर में प्रवेश हेतु अभिभावक अपने बच्चों का पंजीयन ऑनलाइन लिंक के माध्यम से होगा। वहीं सीधे पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों से संपर्क कर भी पंजीयन करा सकते हैं। शिविर के अंत में भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें योग प्रदर्शन, नाटक (रामायण/महाभारत आधारित),बच्चों के प्रेरक भाषण, अभिभावकों के समक्ष प्रस्तुति जैसी गतिविधियाँ विशेष आकर्षण होंगी।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news