रायपुर : न्यूज़ 36 : छत्तीसगढ़ में अप्रैल महीने के साथ ही भीषण गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच रहा है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी इसका असर साफ देखने को मिल रहा है। राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग समेत कई जिलों में तेज धूप और लू जैसी स्थिति बनने लगी है। बढ़ती गर्मी और जानलेवा लू को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के सभी स्कूलों में समय से पहले ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के सभी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक सभी कक्षाओं का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। सरकार के इस फैसले से जहां छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है, वहीं प्रशासन ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की अपील भी की है।
