भिलाई : न्यूज़ 36 : नेवई क्षेत्र में आनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। कृष्णा टॉकीज रोड, रिसाली निवासी राजीव अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने दो अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्रार्थी के अनुसार, उनसे और उनकी पत्नी से कुल 16 लाख 61 हजार 421 रुपये की धोखाधड़ी की गई। राजीव अग्रवाल ने बताया कि 2 अक्टूबर 2024 को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर आनलाइन ट्रेडिंग का संदेश मिला, जिसमें प्रतिदिन 2000 से 3000 रुपये कमाने का लालच दिया गया। शुरुआत में उन्होंने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन बार-बार मैसेज आने पर उन्होंने लिंक खोलकर प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया और शुरुआती भरोसा जीतने के लिए 8000 रुपये जमा कराकर 14,705 रुपये वापस भी किए गए। आरोपियों के झांसे में आकर प्रार्थी ने छह से 11 अक्टूबर 2024 के बीच पेटीएम और आनलाइन बैंकिंग के माध्यम से कई बार रकम ट्रांसफर की। इस दौरान उनके पंजाब नेशनल बैंक खाते से 7,31,890 रुपये और उनकी पत्नी एकता अग्रवाल के खाते से 9,30,531 रुपये निकाल लिए गए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है
