Wednesday, March 25, 2026

प्लॉट दिलाने के नाम पर 24.50 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर 6 आरोपियों पर FIR

रिद्धि सिद्धि बिल्डर्स ने रुपए लेकर न प्लॉट दिया न पैसा लौटाया

दुर्ग : न्यूज़ 36 : दुर्ग में जमीन-निर्माण के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रार्थियों की शिकायत और न्यायालय के आदेश के बाद थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सिटी कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि रिद्धि सिद्धि बिल्डर्स के संचालकों ने प्लॉट देने का झांसा देकर उनसे अलग-अलग किस्तों में करीब 24 लाख 50 हजार रुपए वसूल लिए। रकम लेने के बावजूद न तो प्लॉट दिया गया और न ही पूरी राशि वापस की गई।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2011 में प्रार्थियों ने प्लॉट खरीदने के लिए बिल्डर्स के साथ अनुबंध किया था। शुरुआत में आरोपियों द्वारा तय समय में प्लॉट देने का भरोसा दिलाया गया और कुछ समय तक लेन-देन भी चलता रहा। हालांकि, वर्ष 2018 तक केवल आश्वासन और आंशिक लेन-देन ही होता रहा, इसके बाद आरोपियों ने संपर्क करना भी बंद कर दिया।

पीड़ितों का कहना है कि उन्हें लंबे समय तक गुमराह किया गया और टालमटोल की जाती रहीं। जब ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने पुलिस और उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आपसी साठगांठ कर सुनियोजित तरीके से ठगी को अंजाम दिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 175 (3) सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

नामजद आरोपी : प्रफुल्ल जैन,विकास गुप्ता,नवीन शर्मा,संजय जैन,भावना अग्रवाल,कमला देवी बोथरा

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है। दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर आरोपियों से पूछताछ और गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

पुलिस ने की अपीलः संपत्ति खरीद-फरोख्त करते समय दस्तावेजों की पूरी जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news