दुर्ग : न्यूज़ 36 : शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग द्वारा विगत 10 वर्षों से प्रकाशित होने वाली महाविद्यालय की शोध पत्रिका ‘रिसर्च एक्सप्रेशन’ में प्रकाशन हेतु उच्च स्तरीय शोध पत्र आमंत्रित किए गए है। शोध पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 15 अप्रेल है। यह जानकारी देते हुए महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं शोध पत्रिका प्रभारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने संयुक्त रूप से बताया कि इस शोध पत्रिका को भारत सरकार द्वारा प्रदत्त ISSN No. प्राप्त हो चुका है। एक शैक्षणिक सत्र में दो अंकों के प्रकाशन वाली रिसर्च एक्सप्रेशन शोध पत्रिका के लगभग 12 से अधिक अंक प्रकाशित हो चुके है, जिसमें नेशनल स्तर के प्राध्यापकों, शोधकर्ताओं एवं शिक्षाविदों के लगभग 100 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके है।
शोध पत्रिका प्रकाशन समिति के प्रभारी डॉ. प्रज्ञा कुलकर्णी ने जानकारी दी कि महाविद्यालय एवं छत्तीसगढ़ अंचल के युवा एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों, रिसर्च स्कॉलर तथा शिक्षाविदों द्वारा अपने-अपने शोधकार्य पर केन्द्रित रिसर्च पेपर को प्रकाशन हेतु अवसर उपलब्ध कराने की दृष्टि से रिसर्च एक्सप्रेशन पत्रिका सर्वोत्तम माध्यम है। इस पत्रिका में प्रकाशित होने वाले शोध पत्रों को पीयर रिव्यू जर्नल के समकक्ष प्राप्त होने वाले अंकों के बराबर अंक प्राप्त होते है। इस पत्रिका में प्रकाशन हेतु न्यूनतम शुल्क तथा फार्मेट आदि की जानकारी हेतु 25 मार्च के पश्चात् साईंस कालेज, दुर्ग की वेबसाइट का अवलोकन किया जा सकता है। यह पत्रिका माल्टीडिस्पलनरी शोध पत्रिका है, जिसमें सलाहकार बोर्ड में विदेशों के अनेक प्राध्यापक अथवा शोधकर्ता शामिल है, वहीं प्रकाशन हेतु प्राप्त होने वाले शोध पेपर के मूल्यांकन हेतु देश के ख्याति प्राप्त विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों के प्राध्यापकों तथा शिक्षाविदों को शामिल किया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने आज महाविद्यालय में बैठक लेकर शोध पत्रिका रिसर्च एक्सप्रेशन के प्रकाशन तथा गुणवत्ता पूर्ण शोध पत्रों के प्रकाशन पर बल दिया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने किया।
