Sunday, March 8, 2026

आर्डर आने में देरी हुई, डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में हंगामा और की तोड़फोड़

भिलाई : न्यूज़ 36 : सुपेला थाना अंतर्गत नेहरू नगर स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट में हंगामा करने और कर्मचारियों से गाली-गलौज का मामला सामने आया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। घटना पांच मार्च की रात करीब नौ बजे की है। उस समय डोमिनोज पिज्जा आउटलेट के मैनेजर ढाकेश्वर कुमार (38) ड्यूटी पर थे। इसी दौरान नरेंद्र मानिकपुरी आउटलेट पहुंचा और पिज्जा का आर्डर दिया। आर्डर देने के बाद वह इंतजार करने लगा, लेकिन कुछ देर बाद वह काउंटर पर पहुंचा और देरी को लेकर कर्मचारी जया साहू व शिवचरण से विवाद करने लगा। उसने अपना आर्डर कैंसिल कर दिया और पैसे वापस मांगे।

कर्मचारी शिवचरण ने ग्राहक को बताया कि आर्डर की राशि 48 घंटे के भीतर आनलाइन रिफंड हो जाएगी। यह सुनकर ग्राहक और भी नाराज हो गया-और तुरंत नकद पैसे लौटाने की मांग करने लगा। इसी बात को लेकर उसने दुकान में जोर-जोर से गाली-गलौज शुरू कर दी और कर्मचारियों को अपशब्द कहे। विवाद के दौरान नरेंद्र मानिकपुरी ने गुस्से में काउंटर पर रखे आर्डर मानिटर पर मुक्का मार दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा उसने आउटलेट में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया और कर्मचारियों को देख लेने की धमकी देते हुए चला गयो। घटना के समय मौजूद कर्मचारी जया साहू. और शिवचरण सहित अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि ग्राहक लगातार गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने मैनेजर ढाकेश्वर कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news