मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई, 20 मार्च को सुनवाई
रायपुर : न्यूज़ 36 : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर पंडों जनजाति के लोगों की जमीनों पर कथित कब्जे के मामले में भू-राजस्व संहिता के तहत कार्रवाई शुरु कर दी गई है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एसडीएम न्यायालय में छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 170-बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
एसडीएम द्वारा संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर 20 मार्च को सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित जनजाति वर्ग की भूमि पर अवैध कब्जा या हस्तांतरण के मामलों में कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, पंडों जनजाति के कुछ परिवारों की भूमि पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। मामले को संज्ञान में लेते हुए मुख्यमंत्री ने त्वरित जांच और विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
प्रशासन ने कहा है कि सुनवाई के दौरान सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा तथा तथ्यों के आधार पर वैधानिक निर्णय लिया जाएगा। सरकार ने दोहराया है कि आदिवासी समुदायों की जमीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
