Friday, June 26, 2026

हथखोज स्थित सिसकोल कंपनी में हादसा, लोहे की बीम गिरने से मजदूर की मौत

जांच में प्लांट व शिफ्ट इंचार्ज की लापरवाही उजागर, दोनों के खिलाफ अपराध दर्ज

भिलाई : न्यूज़ 36 : हथखोज स्थित सिसकोल (स्टील इन्फ्रा सॉल्यूशन कंपनी लिमिटेड) में कार्य के दौरान लोहे की बीम गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई थी। मामले में थाना पुरानी भिलाई में मर्ग क्रमांक 07/2026 धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच की गई, जिसमें प्लांट इंचार्ज और शिफ्ट इंचार्ज की लापरवाही सामने आई है। डेढ़ माह तक चली जांच के बाद दोनों ही के खिलाफ पुरानी भिलाई पुलिस के द्वारा धारा 106 (1)-BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुरानी भिलाई पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 6:40 बजे कंपनी के वेल्डिंग एरिया में कार्य के दौरान मजदूर लेखुराम कौशल (35 वर्ष), निवासी जामुल वार्ड क्रमांक 5, गणेश नगर, के सिर पर लोहे की बीम गिर गई। बताया गया कि बीम को क्रेन के हुक में लगाने के दौरान यह अचानक नीचे गिर गई, जिससे लेखुराम के सिर, मुंह, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना उसी दिन दोपहर 12:51 बजे थाना पुरानी भिलाई में दी गई। कंपनी के एचआर मैनेजर अतुल सिन्हा ने उपस्थित होकर जुबानी रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की गई और जांच प्रारंभ की गई। मामले की सूचना एसडीएम भिलाई-3 को भी प्रेषित की गई। जांच के दौरान पाया गया कि घटना में सुरक्षा मानकों के पालन में गंभीर लापरवाही बरती गई थी। प्लांट इंचार्ज सत्यनारायण पंडा एवं शिफ्ट इंचार्ज विनोद यादव की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है।

पुलिस द्वारा प्रकरण में विस्तृत जांच जारी है। श्रमिक सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी संबंधित विभाग को अवगत कराया गया है।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news