Wednesday, March 4, 2026

IIT Bhilai के असिस्टेंट प्रोफेसर से 1.78 लाख की ऑनलाइन ठगी

फिशिंग लिक के जरिए क्रेडिट कार्ड डिटेल लेकर की वारदात

दुर्ग : न्यूज़ 36 : थाना पुलगांव क्षेत्र अंतर्गत आईआईटी भिलाई में पदस्थ एक असिस्टेंट प्रोफेसर से फिशिंग लिंक के माध्यम से 1 लाख 78 हजार 910 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. अविजित साहा, निवासी बीटा बिल्डिंग, आईआईटी भिलाई, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 31 दिसंबर 2025 को उनके Axis Bank AMEX प्रिविलेज क्रेडिट कार्ड से 1,78,910 रुपये की धोखाधड़ीपूर्ण निकासी हुई। यह राशि PAYTM RELIANCERETAILLIMIT, नोएडा के नाम से ट्रांजेक्शन आईडी के माध्यम से डेबिट की गई।

शिकायत में बताया गया है कि घटना से लगभग एक माह पूर्व उनके क्रेडिट कार्ड में ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सीवीसी संबंधी समस्या आ रही थी। इसी दौरान उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें कॉलर आईडी पर ओमप्रकाश शर्मा नाम प्रदर्शित हो रहा था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को Axis Bank का प्रतिनिधि बताते हुए क्रेडिट कार्ड की समस्या हल करने का आश्वासन दिया।

आरोपी ने प्रार्थी को www.mycustomerservice.in/axisbank नामक लिंक भेजा, जो बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसा प्रतीत हो रहा था।

विश्वास में आकर प्रार्थी ने उक्त वेबसाइट पर अपने क्रेडिट कार्ड का विवरण, एक्सपायरी डेट एवं ओटीपी दर्ज कर दिया। इसके तुरंत बाद उनके खाते से 1,78,910 रुपये की अनधिकृत निकासी हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. साहा ने तत्काल Axis Bank को सूचित किया तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दर्ज कराई। उन्हें साइबर क्राइम शिकायत पावती क्रमांक 3331** प्राप्त हुआ है।

प्रकरण में पुलिस ने बिना नंबरी नालसी को असल अपराध क्रमांक 0/26 के रूप में पंजीबद्ध कर धारा 318 (4) बीएनएस के तहत विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबर, ट्रांजेक्शन डिटेल और लाभार्थी खाते की जांच कर रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर अपनी बैंकिंग या क्रेडिट कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें तथा ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी थाना में संपर्क करें।

आप की राय

[yop_poll id="1"]

Latest news
Related news