महापौर परिषद में जनहितैषी प्रस्तावों को मिली स्वीकृति
भिलाई : न्यूज़ 36 : नगर पालिक निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक बुधवार को महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आयुक्त राजीव कुमार पांडेय सहित महापौर परिषद के सदस्य और निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। शहर को स्वच्छ, सुंदर और जनसुविधाओं से युक्त बनाने से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत सफाई और निर्माण कार्यों की क्षमता बढ़ाने के लिए पांच बैंकहो लोडर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। रायपुर स्थित कम्पनी के तरफ से प्रस्तुत 25 लाख रुपए प्रति वाहन की न्यूनतम दर के आधार पर कुल 1 करोड़ 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। इन मशीनों से नालियों की सफाई, मलबा हटाने और आपातकालीन कार्यों में तेजी आएगी, जिससे नागरिकों को बेहतर स्वच्छता सुविधा मिलेगी।
सर्विस रोड निर्माण को हरी झंडी
जोन-3 अंतर्गत जीई रोड के समानांतर चंद्रा मौर्या टॉकीज से नगर निगम जोन-3 कार्यालय के सामने होते हुए बजाज शोरूम तक सर्विस रोड निर्माण के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आवागमन सुगम होगा।
गरीबों की सेवा निधि के उपयोग पर निर्णय
प्रधानमंत्री आवास योजना (सबके घटक के अंतर्गत 10 प्रतिशत लिए आवास मिशन) के एएचपी अंशदान को लेकर भी चर्चा हुई। परिषद ने निर्णय लिया कि इस राशि का उपयोग गरीबों और गंदी बस्ती के निवासियों को बेहतर जलापूर्ति और अन्य आवश्यक नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने में किया जाएगा।
