भिलाई : न्यूज़ 36 : होली पर्व को लेकर पुलिस द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा करने पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा यातायात पुलिस अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में निर्देशित किया गया कि होलिका दहन की रात्रि एवं होली के दिन शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्ग, भीड़-भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा पूर्व में चिन्हित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। नशे की अवस्था में वाहन चलाने, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन, स्टंटबाजी, ट्रिपल राइडिंग, खुले वाहन में खतरनाक ढंग से यात्रा, संशोधित साइलेंसर, ध्वनि प्रदूषण, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने एवं अन्य वाहन चालकों को बाधित करने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ड्रिंक एंड ड्राइव प्रकरणों दोषी पाए जाने पर वाहन जब्त कर प्रकरण तैयार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
