दुर्ग : न्यूज़ 36 : पंचदेवरी तिराहा के पास भेड़ और नगदी की झपटमारी करने वाले दो आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने झपटमारी की गई भेड़ और घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को प्रार्थी मोहम्मद अशरफ उर्फ सुल्तान कुरैशी, निवासी अहिवारा ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ग्राम अकोला कपासबाड़ी से एक भेड़ खरीदकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। शाम करीब 6:15 बजे केडिया नाला के आगे पंचदेवरी तिराहा के कच्चे मार्ग पर काले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों ने उसका पीछा कर झपटमारी करते हुए एक भेड़ और 5,000 रुपये नगद छीनकर फरार हो गए।
रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर धारा 304 (2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखचिर की सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की।
पूछताछ में आरोपी राजू बेलदार (23 वर्ष), निवासी बेलदारपारा कुम्हारी एवं राकेश सोरी (23 वर्ष), निवासी रामनगर कुम्हारी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से झपटमारी की गई भेड़ और काले रंग की स्कूटी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घटना स्थल : केडिया नाला के आगे पंचदेवरी तिराहा, कच्चा रोड, थाना कुम्हारी क्षेत्र
जप्त सामग्री :
एक नग भेड
एक काला रंग की स्कूटी
कार्रवाई में थाना कुम्हारी पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार किया।
