3.75 लाख की संपत्ति जप्त, फरार आरोपियों की तलाश जारी
भिलाई : न्यूज़ 36 : अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 किलोग्राम गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी एवं दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जप्त सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य ₹3,75,000 बताया गया है।
अत्तिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि 18 फरवरी 2026 को आईटीआई ग्राउंड, खुर्सीपार के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहक की तलाश में खड़े हैं। सूचना पर एसीसीयू एवं थाना खुर्सीपार की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदेहियों को पकड़कर विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 7 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा, एक स्कूटी तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान एक महिला की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा अवैध बिक्री में शामिल होना स्वीकार किया गया।
मामले में थाना खुर्सीपार में अपराध क्रमांक 59/2026 धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में अमन सेंडे (26 वर्ष), प्रशांत कुमार उर्फ शांतु राजपूत (30 वर्ष) एवं एन. पूजा (28 वर्ष) शामिल हैं।
उक्त कार्रवाई में थाना खुर्सीपार प्रभारी, एसीसीयू टीम एवं थाना स्टाफ की सक्रिय और समन्वित भूमिका रही।
