भिलाई : न्यूज़ 36 : थाना वैशाली नगर क्षेत्र अतर्गत सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 85 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। कार्रवाई थाना वैशाली नगर एवं एसीसीयू (ACCU) टीम की संयुक्त पहल पर की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मणि शंकर चंद्र ने बताया कि प्रार्थिया सीमा वासनिक (39 वर्ष), निवासी कैम्प-1 प्रेमनगर, भिलाई ने 22 दिसंबर 2025 को थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 दिसंबर को उनका परिवार गांव गया हुआ था और मकान में ताला बंद था। पड़ोसी द्वारा ताला टूटने की सूचना मिलने पर घर पहुंचने पर सोने-चांदी के जेवर एवं 15 हजार रुपये नगद चोरी होना पाया गया।
मामले में थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 435/2025 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंदिरा गांधी कॉलेज के पास घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जे. पवन उर्फ झुसली (20 वर्ष), निवासी सुंदर नगर गुरुद्वारा के पास, कैम्प 1 भिलाई के रूप में हुई है। उसे 14 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बरामद सामग्री में शामिल हैं : 1 जोडी चांदी की पायल, 2 जोड़ी चांदी का बच्चों का करधन,02 नग सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट
उक्त कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस टीम एवं एसीसीयू टीम की सराहनीय भूमिका रही। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गुत्थी सुलझाई।
